बिहार: गंगा-सोन-पुनपुन फिर उफान पर, 3NH पर अब भी है पानी

1-24-08-2016-1472010198_storyimage

पटना/भागलपुर, पटना में गंगा, सोन और पुनपुन एक बार फिर उफान पर हैं। पुनपुन ने मंगलवार सुबह से रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया। गंगा और सोन का जलस्तर भी रात से बढ़ना शुरू हो गया। सभी नदियां खतरे के निशान से डेढ़ से दो मीटर ऊपर बढ़ रही हैं। सोन कोइलवर में आठ सेमी प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ रही है। इसका असर मनेर में हुआ। जहां सोलह घंटा स्थिर रहने के बाद मंगलवार शाम 6 बजे से पानी बढ़ना शुरू हुआ। प्रतिघंटे एक सेमी की रफ्तार से जलस्तर बढ़ रहा है।

सुबह सात बजे से पुनपुन में पानी बढ़ा
गंगा दीघा में 21 घंटे बाद बढ़ना शुरू हुई। गांधी घाट में गंगा रात आठ बजे के बाद प्रति घंटा एक सेमी की रफ्तार से बढ़ना शुरू हुई। पुनपुन का जलस्तर सुबह सात बजे से बढ़ने लगा। मंगलवार को सोन ने बिक्रम क्षेत्र में जबकि पुनपुन ने फतुहा क्षेत्र में तबाही मचाई। गंगा का असर मनेर से मोकामा तक तटीय इलाकों और दियारा में है। फतुहा के कई नए गांवों में पुनपुन का पानी फैल गया है। एनएच 30, एनएच 80, एनएच 30 ए चालू नहीं हुआ है। गंगा बक्सर, इलाहाबाद और बनारस में भी बढ़ रही है। बक्सर में गंगा प्रति दो घंटे पर एक सेमी बढ़ रही है।

मानसी में दो सुरक्षा बांध टूटे
भागलपुर और इसके आसपास के इलाकों में गंगा रौद्र रूप में है। मुंगेर और कटिहार में गंगा के जलस्तर में वृद्धि जारी है। खगिडया के मानसी में दो जगह सुरक्षा बांध टूट गया है। नाथनगर में बाढ़ के पानी में डूबने से बच्ची की मौत हो गई है। भोजपुर जिले में बाढ़ से 339 गांवों की करीब पौने पांच लाख की आबादी प्रभावित है। सारण के जलालपुर प्रखंड में तेल नदी का बांध टूटने से सैकड़ों एकड़ फसल जलमग्न हो गई। वैशाली में गंगा का जलस्तर बढ़ने से सहदेई बुजुर्ग प्रखंड का गनियारी गांव पूरा जलमग्न हो गया है। पूर्णिया के रुपौली में विजय कोसी उफनाई है और सात पंचायतों में इसका पानी घुस गया है। समस्तीपुर में गंगा का जलस्तर मंगलवार दोपहर से एक बार फिर बढ़ने लगा है।

You might also like

Comments are closed.