राहुल और अखिलेश मिलकर खत्म करेंगे नफरत की राजनीति

राहुल गांधी और अखिलेश यादव की संयुक्‍त प्रेस वार्ता

गठबंधन के बाद आज पहली बार अखिलेश यादव और कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी की मुलाकात हुई। दोनों नेताओं ने एक दूसरे को गले लगाया और एक साथ मंच साझा किया। मंच पर दोनों पार्टियों के कई दिग्गज भी मौजूद हैं। राहुल गांधी और अखिलेश यादव ने संयुक्त रूप से प्रेस वार्ता को संबोधित किया।पहले राहुल गांधी ने संबोधन करना शुरू किया और कहा, मैं और अखिलेश एक दूसरे को जानते हैं, हम मिलकर काम करेंगे और यूपी का विकास करेंगे। राहुल गांधी ने कहा, मैंने कहा था अखिलेश अच्छा लड़का है, पर उसे काम नहीं करने दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विकास की राजनीति को विरोधी रोकना चाहते हैं इसलिए हमने हाथ मिलाया है ताकि हम मिलकर लड़ाई लड़ सकें। हम नफरत की राजनीति को रोकना चाहते हैं। हम चुनाव प्रचार कैसे करेंगे, हमारी प्लानिंग क्या होगी, ये अभी नहीं बताएंगे। सोनिया गांधी और मुलायम सिंह यादव चुनाव प्रचार करेंगे या नहीं, इसका खुलासा अभी नहीं करेंगे। अखिलेश यादव ने कहा, हमारे निजी रिश्ते पहले से ही थे और अब राजनीति में भी हम जुड़ गए हैं। हम दो पहिए हैं, हमारी उम्र में भी ज्यादा फर्क नहीं है। गठबंधन पर अखिलेश ने कहा, हम इस गठबंधन के जरिए हम पीपल एलायंस बनकर उभर आएंगे। अखिलेश ने दोनों पार्टियों के मिलन को गंगा यमुना का मिलन कहा। ये एक ऐतिहासिक गठबंधन है, सपा और कांग्रेस मिलकर विरोधियों को करारा जवाब देंगे। हाथ के साथ साइकिल हो और साइकिल के साथ हाथ हो, तो सोचिए रफ्तार क्या होगी। राहुल गांधी ने कहा कि हम प्रदेश के युवाओं को नई तरीके की राजनीति का एक रास्ता देना चाहते हैं। सपा और कांग्रेस प्रदेश की खातिर समझौता कर रहे हैं। आपने संगम देखा है गंगा और यमुना एक हो जाते हैं, वैसे ही दोनों पार्टियां एक होंगी और एकसाथ लड़ेंगी। 300 से ज्यादा सीट मिलेगी और प्रगति की सरस्वती बहेगी। हिंदुस्तान को बचाना है तो हर जाति के लोगों को साथ मिलकर चलना होगा। तोड़कर आगे नहीं बढ़ सकते। राहुल ने कहा कि मायावती जी और कांशीराम जी की मैं पर्सनली रिस्पेक्ट करता हूं। मायावती जी में और भाजपा में बहुत बड़ा फर्क है। भाजपा क्रोध और गुस्सा फैलाती है। उनकी विचारधारा से हिंदुस्तान को खतरा है। मायावती जी की विचारधारा से हिंदुस्तान को कोई खतरा नहीं। हम भाजपा को ये दिखाएंगे कि आप इस देश के लोगों को बांट नहीं सकते, उन्हें सता नहीं सकते। हम यूपी के लोगों की भावनाएं बीजेपी को दिखाएंगे। अखिलेश यादव ने कहा कि आने वाले समय में हम मिलकर देश को आगे बढ़ाने का काम करेंगे। मैं भरोसा दिला सकता हूं कि जिस रफ्तार से यूपी में काम हुआ है, कांग्रेस के आ जाने से और भी तेजी से काम होगा। किसी को शक नहीं है कि 300 से ज्यादा सीटें हम जीतेंगे। हम दोनों विकास, खुशहाली के पहिए हैं, मिलकर आगे बढ़ाएंगे। हमें साथ मिलकर काम करने का मौका मिला है। ये विकास का गठबंधन है।
गाना होगा लॉन्च
रोड शो के दौरान सपा के नए चुनावी गाने यूपी को यह साथ पसंद है… भी बजेगा। इस मौके पर यूपी को यह साथ पसंद है… स्लोगन वाला संयुक्त पोस्टर भी जारी किए जाने की तैयारी है। इसमें अखिलेश व राहुल गांधी के साथ दोनों पार्टियों का चुनाव चिह्न भी होगा। इस दौरान सपा सांसद डिंपल यादव के रहने की संभावना भी जताई जा रही है।

You might also like

Comments are closed.