संयुक्त राष्ट्र के चार अहम निकायों में भारत का चयन

09_04_2015-unnसंयुक्त राष्ट्र। भारत ने संयुक्त राष्ट्र के विभिन्न निकायों में चुनाव जीतने का अपना प्रभावशाली रिकॉर्ड बनाए रखा है। भारत ने आर्थिक एवं सामाजिक मामलों की संयुक्त राष्ट्र की एजेंसी के चार आनुषंगिक निकायों के चुनावों में जीत हासिल की है। भारत को संयुक्त राष्ट्र आर्थिक एवं सामाजिक परिषद (इसीओएसओसी) की समन्वय एवं प्रबंधन बैठक के दौरान बुधवार को उसके आनुषंगिक निकायों में मौखिक मतदान के जरिये चुना गया। भारत ने यहां संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में आयोजित सभी चुनावों में अपनी शत-प्रतिशत जीत के रिकॉर्ड को बरकरार रखा है। भारत को 13 अन्य राष्ट्रों के साथ संयुक्त राष्ट्र अंतरराष्ट्रीय बाल कोष (यूनिसेफ) में जनवरी 2016 से 3 वर्ष के लिए चुना गया है। इसके अलावा भारत को 2016-2018 के लिए विश्व खाद्य कार्यक्रम के कार्यकारी बोर्ड में भी फिर से चुना गया। भारत के साथ 4 अन्य देशों को इस बोर्ड में चुना गया है। अपराध रोकथाम एवं आपराधिक न्याय आयोग (सीसीपीसीजे) में भारत को जनवरी 2016 से तीन वर्ष के लिए चुना गया है। भारत के अलावा ईरान, पाकिस्तान, सऊदी अरब, ऑस्टि्रया, फ्रांस, स्वीडन समेत 19 अन्य देशों को सीसीपीसीजे में चुना गया है। संयुक्त राष्ट्र परिवास की संचालन परिषद में भारत को 2016-2019 के लिए फिर से चुना गया है। परिषद में कुल 14 सदस्यों को 4 वर्ष के कार्यकाल के लिए चुना गया है। कार्यकाल जनवरी 2016 में शुरू होगा।

You might also like

Comments are closed.