बिग बॉस में तो कतई नहीं आऊंगी: नेहा धूपिया

10_04_2015-10neha1aआगरा,  बॉलीवुड अभिनेत्री नेहा धूपिया का कहना है कि आज नंबर-वन की पोजीशन पर बने रहने के लिए कई जतन करने पड़ते हैं। मौजूदा समय में नंबर गेम इसीलिए जरूरी हो चुका है। सलमान-शाहरुख-आमिर इसका सटीक उदाहरण हैं। खुद के छोटे परदे पर जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि वह अच्छे ऑफर पर विचार करेंगी, लेकिन बिग बॉस जैसे किसी शो में कभी नहीं आएंगी।
एक व्यावसायिक कार्यक्रम में शुक्रवार को आईं नेहा ने बताया कि गेम में बने रहने का जोड़-तोड़ केवल बॉलीवुड में ही नहीं, बल्कि हर क्षेत्र में है। कॉरपोरेट जगत में यह आसानी से देखा जा सकता है। छोटे पर्दे पर लंबे समय से दूरी बनाए रखने पर कहा कि कई वर्ष पहले राजधानी सीरियल में कार्य किया था। उसके बाद कोई अच्छी पटकथा नहीं मिली। अगर अच्छा ऑफर मिलता है तो काम करने से गुरेज नहीं, लेकिन बिग बॉस जैसे शो में कतई काम नहीं करूंगी।
कई भाषाओं में फिल्में कर चुकीं अभिनेत्री का कहना है कि हर सिनेमा का अपना अलग महत्व होता है, चाहे मराठी हो या बंगाली में। बताया कि जल्द ही उनकी दो फिल्में आनी वाली हैं। इनमें से एक है मोह-माया-मनी। यह एक थ्रिलर बेस्ड फिल्म है।
आगरा की तारीफ करते हुए कहा कि वह अपनी पहली फिल्म कयामत के बाद दूसरी बार यहां आई हैं। यहां आना हमेशा रोमांचक रहा है। बहुत सुंदर शहर है। लाजवाब संस्कृति के साथ शानदार लोग हैं।
चलते हैं सीक्वल
नेहा का मानना है कि फिल्मों के सीक्वल और प्रीक्वल का चलन है। खास बात यह है कि यह जबरदस्त रूप से हिट भी हो रहे हैं। बीते वर्ष कई ऐसी फिल्में रिलीज हुई हैं। हाल में रिलीज हुई फास्ट एंड फ्यूरियस का सातवां भाग इसका ताजातरीन उदाहरण है।

You might also like

Comments are closed.