श्रीलंका से रिश्ते सुधारना चाहता है अमेरिका

johnkerry2

कोलंबो। सालभर पहले युद्ध अपराध को लेकर पूर्ववर्ती राजपक्षे सरकार के साथ पैदा हुए तनाव के बाद अब अमेरिका ने श्रीलंका की नई सरकार से रिश्ते सुधारने की दिशा में कदम बढ़ाया है। अमेरिकी विदेश मंत्री जॉन केरी ने साथ ही अल्पसंख्यक तमिलों के साथ मिलकर शांति प्रक्रिया को बढ़ाने पर श्रीलंका सरकार की सराहना की। श्रीलंकाई विदेश मंत्री मंगला समरवीरा से मुलाकात के बाद केरी ने बताया कि अमेरिका मैत्रिपाल सिरीसेन सरकार के साथ मिलकर काम करना चाहता है। उन्होंने श्रीलंका के साथ हर साल द्विपक्षीय वार्ता की घोषणा की है। केरी पिछले दस साल में श्रीलंका की यात्रा करने वाले पहले अमेरिकी विदेश मंत्री हैं। उन्होंने राष्ट्रीय सामंजस्य के माध्यम से भ्रष्टाचार से निपटने, लोकतांत्रिक संस्थाओं को मजबूत करने और पूर्व की गलतियों को सुधारने की नई सरकार के प्रयासों की सराहना की। अल्पसंख्यक तमिलों के साथ मिलकर शांति स्थापित करने को लेकर भी नई सरकार की तारीफ की। केरी ने कहा कि अमेरिका लोकतंत्र की पुनस्र्थापना के काम में श्रीलंका के लोगों के साथ है। समरवीरा ने अमेरिकी विदेश मंत्री की यात्रा को महान अवसर बताया। मानवाधिकार उल्लंघन के मुद्दे को लेकर श्रीलंका की पूर्व राजपक्षे सरकार के साथ अमेरिका के संबंध तनावपूर्ण हो गए थे। इस दौरान श्रीलंका का चीन की तरफ काफी झुकाव हो गया था।

You might also like

Comments are closed.