भाजपा वोट बैंक नहीं, विकास की राजनीति करती है : मोदी

narendra-modi (1)गुजरात,19 मई 2013 – गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि देश ने सालों से वोट बैंक की राजनीति को देखा है लेकिन भाजपा ही एक ऐसी पार्टी है जो विकास की राजनीति करती है। मोदी ने राजनांदगांव में विकास यात्रा के दौरान सभा को संबोधित करते हुए कहा कि देश में एक पार्टी ने लंबे समय तक शासन किया और वह केवल वोट बैंक की राजनीति करती रही है। लेकिन भारतीय जनता पार्टी ने इसे बदलते हुए वोट बैंक की राजनीति नहीं बल्कि विकास की राजनीति की है। यही कारण है कि जहां-जहां भारतीय जनता पार्टी की सरकार है वहां-वहां तेजी से विकास हुआ है।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य के निर्माण के बाद तीन वर्षों में यहां कांग्रेस पार्टी की सरकार थी और लोगों ने इस दौरान उनकी सरकार को देखा है। लोगों ने उस सरकार से त्रस्त होकर उसे बाहर का रास्ता दिखा दिया और भारतीय जनता पार्टी पर भरोसा जताया। आज 10 वर्षों में भाजपा ने जनता का विश्वास बरकरार रखा है। विश्वास है कि जनता आगे भी भाजपा पर भरोसा करेगी। गुजरात के मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और गुजरात जैसे राज्यों ने काफी तरक्की की है और वे चाहते हैं कि देश के सभी राज्य तरक्की करें और आगे बढ़े। लेकिन इसके लिए वोट बंक की राजनीति छोड़कर विकास की राजनीति करनी होगी।

मोदी ने कहा कि देश में आज सबसे बड़ा संकट विश्वास का संकट है। आज जनता सरकार पर विश्वास नहीं कर पा रही है। लेकिन भरोसा और विश्वास के दम पर ही देश का विकास होगा। कांग्रेस की खिंचाई करते हुए भाजपा के वरिष्ठ नेता ने कहा कि देश में 40 साल पहले गरीबी हटाओ का नारा दिया गया था। लेकिन गरीबी खत्म नहीं हुई बल्कि बढ़ती गई। आज गरीबी और मंहगाई में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। ऐसे में जनता कहां से सरकार पर विश्वास करेगी। आज हालात यह है कि देश की जनता अपनी बेटी को दिल्ली पढ़ाई करने के लिए भेजने से डरने लगी है। केंद्र सरकार लगातार जनता का भरोसा खोते जा रही है।

You might also like

Comments are closed.