2014 में हारी सीटों के लिए भाजपा ने बनाई विशेष रणनीति

भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने आज पार्टी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं से उन राज्यों में संगठन को मजबूत बनाने की दिशा में कार्य करने को कहा जहां उसकी पहुंच सीमित है। साथ ही उन्होंने पार्टी के स्थापना दिवस पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सुशासन एवं लोक कल्याण से जुड़े कार्यों को जनता तक पहुंचाने का आहवान किया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अनुपस्थिति में भाजपा संसदीय दल की बैठक को संबोधित करते हुए शाह ने सांसदों से अगले कुछ दिनों के लिए निर्धारित कार्यों को चेहरे पर मुस्कान के साथ आगे बढ़ाने को कहा जिन कार्यों को पार्टी शीर्ष नेतृत्व ने निर्धारित किया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज भाजपा मुख्यालय में पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के बाद झारखंड में एक समारोह में हिस्सा लेने के लिए रवाना हो गए। भाजपा ने पार्टी की स्थापना दिवस छह अप्रैल से बाबा साहब भीमराव अंबेडकर की जयंती 14 अप्रैल तक पार्टी सांसदों और अन्य नेताओं के लिए आठ दिनों के विशेष कार्यक्रमों की श्रृंखला तय की है। ये कार्यक्रम विशेष तौर पर उन राज्यों एवं क्षेत्रों के लिए निर्धारित किये गए हैं जहां भाजपा 2014 के लोकसभा चुनाव में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पायी थी। भाजपा ने केंद्रीय मंत्रियों और वरिष्ठ नेताओं के लिए कार्यक्रम तय किये हैं। अमित शाह ने पार्टी सांसदों से कहा कि आपके पास प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सुशासन का रिकार्ड है जो गुजरात से शुरू होता है। आप नमो को सुशासन और विकास के आदर्श के रूप में जनता के समक्ष पेश करें। मोदी ने 2014 में कहा था कि जातपात, परिवारवाद और तुष्टीकरण ये भारतीय राजनीति की बुराई हैं। उन्होंने कहा कि लोगों ने 2014 में भाजपा के पक्ष में जनादेश देकर इन बुराइयों पर आघात लगाने का काम किया है। लोगों ने उत्तर प्रदेश में हाल में हुए चुनाव में ऐसा ही किया। हमने इन बुराइयों से राजनीतिक को निजात दिलाने का संकल्प किया है। बैठक के बाद संसदीय कार्य मंत्री अनंत कुमार ने संवाददाताओं से कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं एवं सांसदों को डिजिटलीकरण को बढ़ावा देने के साथ भीम एप का प्रचार प्रसार करने को कहा और लोगों को जीएसटी के फायदे के बारे में भी बताने को कहा। शाह ने कहा कि भाजपा एकमात्र ऐसी पार्टी है जिससे जुड़े 1600 पंजीकृत संगठन हैं और इनके माध्यम से पार्टी की विचारधारा का प्रचार प्रसार किया जाता है। पार्टी में आंतरिक लोकतंत्र है और प्रत्येक तीन वर्ष पर संगठनात्मक चुनाव होते हैं। भाजपा की स्थापना 1980 में हुई थी और लोकसभा में पार्टी के 281 सांसद और विभिन्न राज्य विधानसभाओं में 1,398 विधायक हैं। पार्टी 13 राज्यों में सत्ता में है। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि सरकार तीन सूत्री एजेंडा सुशासन, विकास और गरीब कल्याण के आधार पर काम करती है। उन्होंने बजट पारित होने पर स्पीकर सुमित्रा महाजन द्वारा सरकार और लोकसभा सदस्यों की सराहना किये जाने का भी उल्लेख किया।

You might also like

Comments are closed.