हिंदी सिनेमा के ‘अमर’ को फिल्म जगत की श्रद्धांजलि

मुंबई। भारतीय सिनेमा के सबसे करिश्माई और आकर्षक अभिनेताओं में शामिल रहे विनोद खन्ना के निधन पर उन्हें रजनीकांत, रिषी कपूर, लता मंगेशकर, अक्षय कुमार और संजय दत्त जैसी हस्तियों ने श्रद्धांजलि दी। खन्ना का गुरुवार सुबह 11:20 बजे यहां सर एच एन रिलायंस फाउंडेशन अस्पताल में निधन हो गया। वह ब्लैडर कैंसर से जूझ रहे थे। वह 70 साल के थे। ‘अमर अकबर एंथनी’ में विनोद खन्ना के किरदार ‘अमर’ के छोटे भाई ‘अकबर’ की भूमिका निभाने वाले रिषी कपूर ने ट्वीट किया, ‘‘अमर आपकी कमी खलेगी। आपके साथ अच्छे वक्त को याद कर रहा हूं, विनोद। मेरा दोस्त रहने के लिए शुक्रिया।’’ दोनों ने फिल्म ‘चांदनी’ में भी साथ काम किया था। खन्ना के समकालीन अभिनेता और नेता शत्रुघ्न सिन्हा ने उनके निधन को अपनी व्यक्तिगत क्षति कहा। ‘मेरे अपने’, ‘बांबे 405’ और ‘दो यार’ जैसी फिल्मों में विनोद के साथ काम करने वाले सिन्हा ने कहा, ‘‘विनोद खन्ना बहुत पसंद किये जाने वाले इंसान थे। मेरे लिए यह व्यक्तिगत और भावनात्मक क्षति है। हम फिल्मों और राजनीति दोनों ही जगह बहुत करीब रहे।’’ अभिनेता रजनीकांत ने ट्वीट किया ‘‘मेरे प्रिय मित्र विनोद खन्ना, आपकी कमी अखरेगी। भगवान आपकी आत्मा को शांति दे। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवार के साथ हैं। लता मंगेशकर ने ट्वीट किया, ‘‘फिल्म जगत की सर्वश्रेष्ठ प्रतिभाओं में शामिल विनोद खन्नाजी नहीं रहे। मैं इस खबर से बहुत दुखी हूं। उनका निधन फिल्म जगत के लिए बड़ी क्षति है। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे।’’ गायिका आशा भोसले ने कहा कि वह अच्छे इंसान थे और अंतिम समय तक स्टार रहे। संजय दत्त ने बचपन में विनोद खन्ना की फिल्में देखते हुए बड़े होने की बात को याद किया। उन्होंने एक बयान में कहा, ‘‘विनोद खन्नाजी के निधन की खबर सुनकर दुख हुआ। मैंने बचपन में उनकी फिल्में देखीं और हमेशा उनके अंदाज और करिश्माई व्यक्तित्व से मंत्रमुग्ध रहा।’’

संजय दत्त ने कहा, ‘‘वह हमेशा बहुत अच्छे इंसान रहे। फिल्म बिरादरी को बड़ा नुकसान हुआ है। वह दत्त परिवार के लिए हमेशा अपने रहे और रहेंगे। उनकी आत्मा को शांति मिले। कविता भाभी, अक्षय, राहुल और साक्षी के प्रति मेरी शोक संवेदनाएं।’’ अभिनेता अक्षय कुमार ने कहा कि खन्ना के निधन से एक युग समाप्त हो गया। फिल्मकार करण जौहर ने कहा, ‘‘पर्दे पर उनकी मौजूदगी आज भी बेमिसाल है। उनके सुपर सितारे की शोहरत देखते हुए हम बड़े हुए हैं। विनोद खन्ना को श्रद्धांजलि।’’ दो साल पहले शाहरुख अभिनीत ‘दिलवाले’ में विनोद खन्ना के साथ काम कर चुके अभिनेता वरुण धवन ने लिखा, ‘‘विनोद खन्ना हमेशा स्क्रीन पर सबसे अधिक खूबसूरत अभिनेताओं में से एक रहेंगे। सिनेमा ने आज एक दिग्गज को खो दिया।’’ मनोज वाजपेयी ने ट्वीट किया, ‘‘आपका करिश्मा और आकर्षण हमेशा बेमिसाल रहेगा। आपकी रौब वाली चाल को हमेशा याद करेंगे।’’ अनुपम खेर ने कहा, ‘‘वह विनम्र, प्रभावशाली और मददगार इंसान थे। उनकी चीते जैसी चाल का प्रशंसक हूं। उनके जैसे बहुत कम लोग हैं। आपको याद करते रहेंगे सर।’’ परेश रावल ने कहा, ‘‘बिल्कुल सरल और प्यारे इंसान। ओम शांति विनोद जी।’’ फिल्म निर्देशक सुजॉय घोष ने कहा कि वह ‘पत्थर और पायल’ देखने के बाद विनोद खन्ना के प्रशंसक बन गये। उन्होंने लिखा, ‘‘मेरे पिता ने मुझे ‘पत्थर और पायल’ दिखाई। मैं एक खलनायक का प्रशंसक बनकर बाहर निकला।’’ अभिनेता अजय देवगन ने अपने साथ खन्ना की एक तस्वीर साझा करते हुए लिखा है, ‘‘श्रद्धांजलि विनोद सर।’’ अनुष्का शर्मा, श्रद्धा कपूर, अर्जुन रामपाल, सोनाक्षी सिन्हा, अरशद वारसी और कुणाल कोहली आदि ने भी ट्विटर पर विनोद खन्ना को श्रद्धांजलि दी। फिल्मी सितारों के अलावा खेल की हस्तियों ने भी उन्हें याद किया। क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग, मोहम्मद कैफ और बॉक्सर विजेंद्र सिंह ने ट्वीट कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

You might also like

Comments are closed.