राजस्थान में पार्टी मजबूत कर चुनाव जीतने में जुटेंः शाह

भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने पार्टी की एक बड़ी बैठक में पार्टी को बूथ स्तर तक मजबूती देते हुए पार्टी को आगामी विधानसभा चुनाव और लोकसभा चुनाव जीतने में जुट जाने के निर्देश दिये हैं। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने पार्टी प्रदेश मुख्यालय में सांसदों, विधायकों, पदाधिकारियों, कार्यकारिणी सदस्यों, मोर्चा, प्रकोष्ठ, प्रकल्पों एवं विभागों के मुखियाओं की बैठक में यह निर्देश दिये हैं। बैठक में वरिष्ठ नेता एवं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ओम प्रकाश माथुर, भूपेन्द्र यादव, वी. सतीश समेत कई नेता मौजूद थे। राजस्थान प्रदेश अध्यक्ष अशोक परनामी ने बैठक के बाद संवाददाताओं से कहा कि अच्छा, सार्थक संवाद हुआ है। पार्टी को मजबूती प्रदान करते हुए पार्टी को जिताने के निर्देश दिये हैं। परनामी ने कहा कि​ बैठक में मीडिया से बातचीत करने के लिए अधिकृत व्यक्ति के अलावा किसी अन्य को मीडिया से बातचीत नहीं करने के निर्देश दिये गए हैं। परनामी की इस बात को शहरी विकास मंत्री श्रीचंद कपलानी, विधायक ज्ञानदेव आहूजा समेत कई वरिष्ठ नेताओं ने भी दोहराया। विधानसभा में सरकारी मुख्य सचतेक कालू लाल गुर्जर ने कहा कि अध्यक्ष ने पार्टी को मजबूत करने के निर्देश दिये हैं। बैठक में किसने क्या कहा मैं यह बताने के लिए अधिकृत नहीं हूं। बड़बोले भाजपा विधायक ज्ञान देव आहूजा ने कहा, ‘‘मैंने अयोध्या में राम मन्दिर निर्माण करवाने, धारा 370 को समाप्त करने समेत अन्य कई सुझाव दिये हैं। उन्होंने मेरी लम्बी मूंछे देखकर कुछ टिप्पणी की थी। यह बात भी आप तक पहुंच गयी।’’ पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं सांसद ओम प्रकाश माथुर बैठक के बारे में सवाल को टालते हुए आगे निकल गये।

You might also like

Comments are closed.