भाजपा आग लगाती है, हम बुझाते हैं, वो तोड़ते हैं, हम जोड़ते हैंः राहुल

राहुल गांधी ने आज देश की सबसे पुरानी पार्टी की बागडोर संभालने के बाद भाजपा पर आग और हिंसा फैलाने की कोशिश करने तथा प्रधानमंत्री पर देश को मध्यकाल में ले जाने का आरोप लगाया। साथ ही उन्होंने पार्टी नेता एवं कायर्कर्ताओं का गुस्से की राजनीति से लड़कर उसे परास्त करने का आह्वान किया। राहुल द्वारा आज कांग्रेस अध्यक्ष पद पर निर्वाचित होने का प्रमाण लेने के लिए पार्टी मुख्यालय में एक बड़ा समारोह आयोजित किया गया। इसे संबोधित करते हुए राहुल ने कहा, ‘‘आज भाजपा के लोग पूरे देश में आग और हिंसा को फैलाने की कोशिश कर रहे हैं।’’ उन्होंने दावा किया कि इसे रोकने के लिए देश में एक ही शक्ति है..कांग्रेस के नेता एवं कार्यकर्ता। उन्होंने कहा कि आज बहुत सारे लोगों का राजनीति से मोहभंग हो गया है। उन्होंने कहा कि आज हम जो राजनीति देख रहे हैं, वह दया और सत्य से वंचित है। राजनीति लोगों की सेवा के लिए होती है किंतु आज ‘‘इसका इस्तेमाल लोगों को कुचलने के लिए किया जा रहा है, उनके उत्थान के लिए नहीं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘जब मैं 13 साल पहले राजनीति में आया था तो मैं उस जागरूकता का अंग बनना चाहता था जो भारत में बदलाव ला सके और जो लोगों को गरिमा प्रदान कर सके।’’ राहुल ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर हमला बोलते हुए कहा, ‘‘कांग्रेस भारत को 21वीं शताब्दी में ले गयी जबकि प्रधानमंत्री हमें पीछे ले जा रहे हैं, मध्यकाल में ले जा रहे हैं जहां लोगों को, वे क्या खाते हैं, उसके लिए मार डाला जाता था। उनका मत क्या है, इसके कारण लोगों को मारा जाता था और क्या खाते हैं इसके कारण हत्या कर दी जाती थी।’’ राहुल ने कांग्रेस के कार्यकर्ताओं एवं नेताओं को आश्वासन दिया कि वह पार्टी को हिंदुस्तान की ‘‘ग्रैंड ओल्ड एंड यंग पार्टी’’ बनाने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस क्रोध और गुस्से के राजनीति से लड़ेगी और उसे हरायेगी। उन्होंने कहा कि वह चाहते हैं कि कांग्रेस सभी भारतीय लोगों के बीच संवाद का माध्यम बने तथा इस संवाद को सदा ही प्रेम एवं स्नेह की ओर अग्रसर होना चाहिए। उन्होंने कहा, ‘‘मुझे पता चला कि जैसे ही आप गरीबों के साथ खड़े होकर शक्ति के तंत्र को चुनौती देते हैं, जिस क्षण आप यह गरीबों के साथ खड़े होने की घोषणा करते हैं, आपको पराजित करने के लिए आप पर हमला होता है। आप पर सभी मोर्चों से प्रहार होते हैं। वे झूठ और विकृत (बातें) बोलते हैं। आज भारत में जो लोग सत्ता में हैं वे उस तंत्र के माध्यम से बने हैं जो भारत को गरीब रखता है।’’ राहुल ने वर्तमान हालात का उल्लेख करते हुए कहा, ‘‘हमारा देश, जिसका दर्शन एवं इतिहास प्रेम एवं करूणा से जन्मा है, इस तरह की भयावहता से घायल है तथा हमारे इस महान देश को हुए इस नुकसान की भरपाई कितनी भी बार गले लगाने से नहीं हो सकती।’’ उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रतिगामी ताकतें इसलिए नहीं जीततीं क्योंकि वे सही हैं। वे इसलिए नहीं जीततीं क्योंकि वह सही बात के साथ खड़ी हैं। वे जीतती हैं क्योंकि वे ताकतवर हैं। ‘‘उनकी ताकत जोड़तोड़ करने वाली और विकृत है तथा जिसे भी यह स्पर्श करती है वह दागदार हो जाता है।’’ राहुल ने आश्वासन दिया, ‘‘हमारी प्रतिबद्धता है कि हम प्रत्येक भारतीय की आवाज की रक्षा करेंगे। हम लोकतांत्रिक मूल्यों और अपने लोगों की इच्छाओं… को कभी शांत नहीं होने देंगे।’’  कांग्रेस अध्यक्ष पद संभालने के बाद पार्टी को दिये अपने पहले संबोधन में राहुल गांधी ने कहा कि हम सब मिलकर प्यार और भाईचारे से मिला हिंदुस्तान बनाएंगे। उन्होंने कहा कि हम भाजपा वालों को यही समझा रहे हैं कि आग अगर लग जाती है तो उसे बुझाना मुश्किल हो जाता है। वो आग लगाते हैं हम बुझाते हैं, वो नफरत करते हैं और हम प्यार करते हैं, वो तोड़ते हैं और हम जोड़ते हैं।

You might also like

Comments are closed.