कश्मीर पर भारत को मनमानी नहीं करने देंगे : अजीज

aziz

इस्लामाबाद, कश्मीर को अंतरराष्ट्रीय मसला बनाने के प्रयासों में बार बार मुंह की खाने के बावजूद पाकिस्तान बाज नहीं आ रहा। उसका कहना है कि वह भारत को कश्मीर मुद्दे का हल अपने तरीके से करने की छूट नहीं देगा। यही नहीं वह अपने दूतों को विभिन्न देशों में भेजकर उन्हें नियंत्रण रेखा पर भारत की आक्रामकता से अवगत कराएगा।

पाकिस्तानी प्रधानमंत्री के विदेश मामलों और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार सरताज अजीज ने कहा, ‘भारत कश्मीर विवाद का समाधान अपने तरीके से करना चाहता है। पाकिस्तान भारत के इस प्रयास को सफल नहीं होने देगा।’ पत्रकारों से शनिवार को अजीज ने कहा कि पाकिस्तान की शांति की इच्छा को उसकी कमजोरी समझने की गलती नहीं करनी चाहिए। उन्होंने बताया कि पाकिस्तान कश्मीर मसले को अंतरराष्ट्रीय मंचों पर उठाना जारी रखेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि भारत नियंत्रण रेखा पर शांति का उल्लंघन कर रहा है और पाकिस्तान सिर्फ जवाब दे रहा है। अजीज ने बताया, ‘पाकिस्तान विभिन्न देशों में अपने दूतों और शिष्टमंडलों को भेजेगा जो उन्हें नियंत्रण रेखा पर भारतीय आक्रामकता और अधिकृत कश्मीर में भारतीय बलों द्वारा किए जा रहे मानवाधिकार उल्लंघनों के बारे में बताएंगे।’ उनका कहना है कि कश्मीर पर संयुक्त राष्ट्र के प्रस्ताव अभी भी प्रासंगिक हैं और द्विपक्षीय समझौतों द्वारा इनका स्थान नहीं लिया जा सकता है। अजीज ने कहा, ‘हम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर संयुक्त राष्ट्र सैन्य पर्यवेक्षक मिशन को ज्यादा सक्रिय बनाने के प्रयास में जुटे हैं।’ पाकिस्तान पहले ही संयुक्त राष्ट्र के महासचिव को सीमा पर हालात के बारे में पत्र लिखकर दखल की मांग कर चुका है। उसकी मांग को संयुक्त राष्ट्र ठुकरा चुका है।

You might also like

Comments are closed.