नया रिकार्ड बना पृथ्वी पर सकुशल लौटे चीन के तीनों अंतरिक्षयात्री

बीजिंग। चीन के तीनों अंतरिक्षयात्री बुधवार को सकुशल पृथ्वी पर लौट आए। वह चीन की प्रस्तावित अंतरिक्ष प्रयोगशाला के लिए प्रयोग करने गए थे और 14 दिन बाद वापस आए हैं। ऐसा कर उन्होंने एक नया रिकॉर्ड बनाया है।
शेंगझू-10 अंतरिक्षयान चीन के अंदरूनी मंगोलिया के गोबी मरुस्थल में सुरक्षित उतरा। इसका सरकारी टेलीविजन पर सीधा प्रसारण किया गया। अंतरिक्षयात्रियों के सुरक्षित उतरने के बाद चीन के मानवयुक्त अंतरिक्ष कार्यक्रम के कमांडर-इन-चीफ झांग युशिया ने शेंगझू-10 मिशन के सफल होने की घोषणा की। इस मिशन में देश की दूसरी महिला अंतरिक्षयात्री वांग यापिंग भी शामिल थीं। वांग मिशन के कमांडर नेई हेशेंग और एक अन्य अंतरिक्ष यात्री झांग शियूगांग के साथ बाहर आई। वांग ने कक्षा में अंतरिक्षयात्रियों के सहयोग से पृथ्वी पर लाखों चीनी छात्रों के लिए 40 मिनट का व्याख्यान दिया।
शेंगझू-10 चीन का पांचवां और सबसे लंबा मानवयुक्त अंतरिक्ष मिशन है। इसे 11 जून को रवाना किया गया था। इसके माध्यम से चीन 2020 तक स्थायी अंतरिक्ष प्रयोगशाला स्थापित करने का प्रयास कर रहा है।

You might also like

Comments are closed.