लोकसभा के लिए भाजपा की पहली सूची जारी, 54 प्रत्याशियों का ऐलान

BJP Meetनई दिल्ली : भाजपा ने गुरुवार देर शाम लोकसभा चुनाव के लिए 54 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी। केन्द्रीय चुनाव समिति की बैठक में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने उम्मीदवारों के नामों पर चर्चा कर पांच राज्यों के लिए नामों की घोषणा कर दी। पार्टी ने फिलहाल 54 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की है जिनमें महाराष्ट्र के लिए 16, पश्चिम बंगाल के लिए 17, अरुणाचल प्रदेश की दोनों सीट और ओड़िसा की छह सीटो के लिए पार्टी ने उम्मीदवार तय किए हैं।

नरेन्द्र मोदी पार्टी के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार हैं, लेकिन इस बात को लेकर पार्टी ने कोई घोषणा नहीं की है कि मोदी कहां से चुनाव लड़ेंगे। सूची के अनुसार हिमाचल प्रदेश में कांगड़ा से शांता कुमार और हमीरपुर से अनुराग ठाकुर चुनाव लड़ेंगे। पार्टी ने जम्मू और कश्मीर में बारामूला से गुलाम मोहम्मद मीर और अनंतनाग से मुस्ताक अहमद मलिक के नाम की भी घोषणा की है।

पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन गडकरी नागपुर से चुनाव लड़ेंगे, जबकि गोपीनाथ मुंडे बीड़, दिलीप गांधी अहमदनगर, किरीट सोमैया मुंबई उत्तर पूर्व और गोपाल शेट्टी मुंबई उत्तर से चुनाव लड़ेंगे। गौरतलब है कि भाजपा ने नागपुर सीट पर कभी जीत दर्ज नहीं की है। उम्मीदवारों के नामों की घोषणा को लेकर गुरुवार को हुई बैठक में वरिष्ठ नेता लाल कृष्ण आडवाणी, पार्टी अध्यक्ष राजनाथ सिंह, गुजरात के मुख्यमंत्री नरेन्द्र मोदी, अरुण जेटली, सुषमा स्वराज और मुरली मनोहर जोशी सहित अन्य नेताओं ने हिस्सा लिया।

You might also like

Comments are closed.