चीन में दंगा, 27 की मौत

बीजिंग। चीन में बुधवार को हुए दंगे में 27 लोगों की मौत हो गई है। इनमें नौ सुरक्षाकर्मी शामिल हैं। तनावग्रस्त शिनजियांग प्रांत में चाकू लिए दंगाइयों ने थानों और सरकारी इमारतों पर धावा बोल दिया। इसे प्रांत में 2009 के बाद का सबसे बड़ा दंगा बताया जा रहा है। उस समय के दंगे में करीब 200 लोग मारे गए थे।
सरकारी शिन्हुआ समाचार एजेंसी की रिपोर्ट में कहा गया है कि दंगे शनशान काउंटी के लुककुन नगर क्षेत्र में हुए। अधिकारियों ने बताया कि चाकुओं से लैस भीड़ ने नगरक्षेत्र के थानों और सरकारी इमारतों पर हमला कर दिया। भीड़ ने लोगों पर चाकुओं से हमला किया और पुलिस की गाडिय़ों में आग लगा दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में 10 दंगाइयों को मार गिराया। तीन दंगाइयों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस भागे दंगाइयों की तलाश कर रही है। यह नहीं बताया गया है कि दंगे में करीब कितने लोग शामिल थे।
इस प्रांत में 90 लाख उइगुर और हांस समुदाय के लोगों के बीच भीषण संघर्ष होते रहे हैं। हांस समुदाय के लोग प्रांत में आकर बस रहे हैं और शिनजियांग में उनकी आबादी 40 प्रतिशत से अधिक हो गई है।

You might also like

Comments are closed.